कबीर बोले तृणमूल कर रही है विभाजन की राजनीति
हुगली। श्रीरामपुर लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और निवर्तमान सांसद कल्याण बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर बंगाली विरोधी अभियान चलाने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में श्रीरामपुर लोकसभा के सीट से भाजपा के उम्मीदवार कबीर शंकर बोस ने मंगलवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस सिर्फ तुष्टिकरण और विभाजन की ही राजनीति जानती है।
दरअसल, हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान कल्याण बनर्जी ने कहा था कि भाजपा बंगाली विरोधी अभियान चला रही है। वे बंगाली की नौकरी खाएंगे। एक सौ दिन के काम का पैसा नहीं देंगे। बंगाली को केंद्रीय आवास योजना के रुपए नहीं देंगे। बंगाली का कोई विकास नहीं होने देंगे। बंगाल में स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय नहीं खोलेंगे। बंगाल में बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ लागू नहीं करेंगे। बंगाल के एक भी आदमी को नौकरी नहीं देंगे। भाजपा जो भी करेगी गुजरात और महाराष्ट्र में करेगी।
कल्याण बनर्जी ने आगे कहा था कि भाजपा के लोग चोरी का आरोप लगाते हैं। हमलोग पिछले डेढ़ दो वर्षों से कह रहे हैं कि आप चोर को पकड़िए। लेकिन गरीब लोगों का पैसा दीजिए। गरीब ने तो चोरी नहीं की है। भाजपा बंगाली का कोई विकास नहीं होने देना चाहती।
कल्याण बनर्जी कैसे बयान के जवाब में श्रीरामपुर लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार कबीर शंकर बोस ने मंगलवार को "हिन्दुस्थान समाचार" से एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंगाल के बेटे थे।
कल्याण बनर्जी ने जो कहा है उसका कोई आधार नहीं है। तृणमूल कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण और बंटवारे की राजनीति की है जबकि भाजपा एकता और विकास की राजनीति में विश्वास करती है। भाजपा का एक ही उद्देश्य है सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास।